Monday, October 27, 2014

हृदय, हार्दिक के जन्मदिन पर यह गिफ्ट किसे?


कल हृदय और हार्दिक का पहला जन्मदिन था। पिता के रूप में मेरा भी। और मां के रूप में मेरी पत्नी का। तो इन चार जनों के जन्मदिनों पर कुछ सहेजने की इच्छा को रोक नहीं सका। हालांकि सोचा तो यह भी है कि हर साल इस तरह से जीये हुए जीवन को समेटने की कोशिश करूंगा, लेकिन इसका आखिरी फैसला इस एक साल के बीच का वक्त करेगा, इसलिए तब की तब ही देखेंगे। फिलहाल, जब तक मैं यह तय करूं कि दोनों के जन्मदिन पर यह गिफ्ट किसे दे रहा हूं, आप इससे सांझे हो सकते हैं।





पिता बने एक साल हो गया है। सब पिताओं का पहला साल खास होता होगा। यही सोच कर ख्याल आ रहा था कि अपने इस एक साल की खासियतों को सोचूं और लिख कर रख लूं ताकि भूलने ना पाऊं। हां, कभी-कभी खास लम्हों के भी भूल जाने का डर रहता है। वक्त बड़ा इरेजर है।

सोचने बैठा तो लगा किसी ऐसे कमरे में घुस गया हूं जहां सब बिखरा पड़ा है। कमरा भरा पड़ा है, पर उसमें क्या काम की चीज है और क्या कूड़ा कबाड़ा, पहली नजर में तय नहीं हो पा रहा। पहले एक एक कर छांटना पड़ेगा। फिर ही कुछ तय हो पाएगा कि क्या रखना है, और क्या फेंक देना है।

छांटता हूं तो पहले पहल अपने जुड़वां बच्चे ही दिखते हैं। हार्दिक और हृदय। उनकी मां दिखती है। अपनी मां दिखती है। परिवार के वे लोग दिखते हैं जिनका चाहे जैसा भी रहा, सहयोग रहा। डॉक्टर दिखते हैं। अस्पताल दिखता है। दवाइयां दिखती हैं। बच्चों का धीरे धीरे, बहुत धीरे धीरे बड़ा हाेना दिखता है।

फिर उनकी अठखेलियां दिखती हैं, मुस्कुराहटें दिखती हैं, गिर गिर कर उठना दिखता है। मां से पहले पा पा बोलना दिखता है (मेरी इस बात पर मेर सिवा कोई और यकीन नहीं करता, हो सकता है ये मेरा वहम है)। उनका रोना दिखता है, हंसना दिखता है।

फिर एक संघर्ष दिखता है। उन्हें अब तक पालने का। मेरा अकेले का नहीं। मेरी पत्नी का, मेरी मां का। याद आती हैं शुरुआत की वो खत्म न होने वाली रातें जब मेरी पत्नी लगातार तीन साढ़े तीन महीने या तो दो घंटे सोई या तीन घंटे। कभी कभी न दिन में सोयी और न रात में। मेरी मां ने भी अपने हिस्से के जगराते हमें दे दिए। दो बच्चों को भरी सर्दी में संभालना, सहेजना और वह भी तब जब एक तो अक्सर रहता ही अस्पताल में था। रिश्तों के संघर्षों ने भी तभी एंट्री मारी थी। लड़ तो सब अपने अपने हिस्से के रहे थे, पर मुझे हमेशा यह वहम रहता था कि मैं अकेला लड़ रहा हूं। जब जब कोई टूटता दिखा, मैं मजबूत होकर उसकी जगह लड़ता दिखा। वरना टूटा हुआ सा उनकी लड़ाई देखता रहा। हार्दिक को साढ़े चार महीने तक बड़ी बड़ी बीमारियों की आशंकाओं के बीच से गुजरते, फिर निकलते देखा। मैक्स अस्पताल जाना रुटीन का हिस्सा होते देखा। वो वक्त देखा जब लगता था मैं मैक्स में ही काम करता हूं शायद। दवाइयों के नाम और टेस्ट की रिपोर्ट लाना ले जाना, घर आकर दवाइयाें के टाइम, देने के तरीके समझाना, रोज की डेवलेपमेंट नोट करना, फिर डॉक्टर को बताना, रोज नई बीमारियों के नाम सुनना, उनको नेट पर सर्च कर यूं पढ़ना मानो पेपर की तैयारी कर रहा हूं, सब दिखने लगता है। उन सारी बड़ी बड़ी बीमारियों के मुशकिल मुशकिल नाम याद हैं जिनके टेस्ट हुए। हर टेस्ट के बाद प्रार्थना हुई कि यह बीमारी ना निकले बस। डॉक्टर नवीन तो लगता है इस एक साल के पूरे हिस्से में कभी दूर हुए ही नहीं। डॉक्टर वोहरा, डॉक्टर कुसुम सभ्रवाल, डॉक्टर मधु, डॉक्टर तनेजा, पता नहीं कितने डॉक्टरों से इस बीच जान पहचान बनी। बात हुई। सब दिखता है।
(इन चार पांच महीनों को कुछ दिन पहले एक आर्टिकल की शक्ल में हेल्दी जिंदगी नाम की वेबसाइट की लॉन्चिंग के वक्त लिखा था। इस साइट में नई सुबह नाम से एक सेक्शन है जिसका सबसे पहला आर्टिकल 'खुशी की उंगली पकड़ आया था स्ट्रगल' 9 जुलाई 2014 को लगा था। उसका लिंक यह है :

हार्दिक के ठीक होने के बाद दोनों पांच महीने के थे जब हम घर बदलकर पालम आ गए थे। ये सात महीने भी घिच्च पिच्च ही नजर आते हैं। कभी टेंशन से भरे दिन नजर आते हैं तो कभी बच्चों की किलकारियां। बड़ी मजेदार हरकतें भी याद आती हैं बच्चों की। पूरा दिन शांत रहने वाला हृदय रात को हार्दिक के सोते ही चिल्लाने लगता था। जोर जोर से आवाजें देता था। पता नहीं किसे। पर तब वह पूरी मस्ती के मूड में होता था। हम उसे कहते थे चुप हो जा, तो वह और जोर से चिल्लाता था। उसके बाद ही साेता था। पहले वह मेरी मां के पास सोता और हार्दिक अपनी मां के पास। फिर जब वह बीमार हुआ, उसके बाद से अदला बदली हो गई।
हार्दिक हृदय से ज्यादा एक्टिव है। दो मिनट छोटा जरूर है पर दांत पहले उसके आए। बड़े से खिलौने छीनना पहले उसने सीखा। भोला हृदय बस रोकर रह जाता और ये छोटा तीर खिलौने छीन लेता, उसे पकड़ कर गिरा देता, उसके बाल नौंच लेता या उसे नीचे पटककर उसके ऊपर बैठ जाता। इसलिए दोनों को एक दूसरे से दूर रखना ही पहली कोशिश रही। हार्दिक ने हृदय से पहले खड़ा होना सीखा। कदम उठाना सीखा। गद्दे से उतरना सीखा। घुटनों के बल चलना सीखा। पर हृदय आराम से सही, बाद में वहां तक पहुंचा।

यहीं याद आता है बच्चों का अपनी नानी के घर जाना और पीछे से पापा का बीमार हो जाना। उनका ऑपरेशन। उसके बाद से शुरू हुए ऐसे उलटे दिन जो दिखते हैं तो खीझ होती है, दुख होता है, गुस्सा आता है, परेशानी होती है, पर, ये दिन भी सहेजने हैं क्योंकि सीखा इनसे भी है। अगस्त, सितंबर और अक्टूबर। बाप रे।

क्या दिखता है? पहले पापा का ऑपरेशन। छह दिन मेरा अस्पताल में उनके साथ रहना। तभी मेरी कमर में मसल पेन और बुखार का शुरू होना और छह दिन दवाई खाकर अस्पताल में टिके रहना। पापा का एक हफ्ते बाद घर आना और दो चार दिन बाद हृदय को बुखार के साथ फिट आना। ऑफिस में मीटिंग में था जब कॉल आई थी कि हृदय बेहोश हो गया है, आप घर पहुंचो। मैंने कहा था नहीं, तुम उसे लेकर जो भी अस्पताल दिखे, वहीं पहुंचो, मैं सीधे अस्पताल पहुंचता हूं। एक अस्पताल से प्राइमरी चेकअप के बाद जब उसे होश आ गया तो मैं उसे मैक्स ले आया था। (पापा भी अपने चेकअप के लिए साथ अस्पताल चल रहे थे)। डॉक्टर नवीन ने कहा था, एक साल का होने से पहले फिट आए तो कुछ टेस्ट करने जरूरी होते हैं, इसलिए एक दिन के लिए भर्ती करना पड़ेगा। एक के बजाय वह दो दिन भर्ती रहा आैर टेस्ट सारे नॉर्मल आए। यह कहकर घर भेज दिया गया कि खतरा नहीं है। कुछ बच्चों में ऐसा हो जाता है। क्या सावधानियां बरतनी हैं, ऐसा दुबारा हो तो क्या करना है, यह समझकर हम वापस घर के लिए चल पड़े थे। हार्दिक मम्मी के पास था और जब हम मेट्रो में थे तभी फोन आया कि हार्दिक को तेज बुखार हो गया है। घर पहुंचना भारी हो गया था। उसे मम्मी संभाल रही थी जिसे न दवाइयों का पता था, न कुछ और। उसे बस बच्चे को परेशान देखकर या तो रोना आता था, या भगवान से दुआ करना। जिनके मकान में किराए पर थे, उन भाभी जी से फोन पर बात कर हार्दिक का बुखार चेक करवाया और दवाई दिलवाई। घर पहुंचे तो देखा हार्दिक का गला चॉक था और जब वह रोता था तो आवाज भी नहीं निकलती थी। डॉक्टर नवीन को वट्सएप पर मैसेज किया तो उन्होंने दवाई बता दी। दो दिन बाद सुधार होना शुरू हुआ ही था कि हृदय की तबीयत फिर बिगड़नी शुरू हो गई। हार्दिक पांच दिन बाद ठीक हुआ, लेकिन उसी रात 4 बजे हृदय को फिर बुखार हुआ। बुखार चेक किया तो 100 पहुंचा था। थर्मामीटर नीचे भी नहीं रखा कि उसे फिर फिट आ गया।
सब घबरा गए कि इतनी रात को क्या करें। मैंने मिडासिप के दो स्प्रे उसकी नाक में किए। 15 सेकेंड बाद हृदय नॉर्मल हो गया। रो रहा था बुखार से। तुरंत डॉक्टर नवीन को फोन किया। उन्होंने कहा, कोई बात नहीं, बुखार उतारो, और शाम को मिलो। शाम को लेकर डॉक्टर के पास पहुंचे और बताया कि फिट आने के बाद से उसने रोना बंद नहीं किया।

फिर याद आता है, डॉक्टर नवीन का वो ओहो। उनका कहना था कि पहली बार फिट आया था तो ईईजी जैसे बड़े टेस्ट नहीं किए थे। एक ही हफ्ते में दूसरा एपिसोड नहीं होना चाहिए था। तुरंत भर्ती करवाओ। हमने ऑटो किया और सीधे पहुंचे मैक्स। हृदय फिर भर्ती। इतने दिनों के बीच मेरे बदन, खासकर कमर में दर्द और बुखार एक दिन के लिए भी नहीं गया था। मैंने दवाई ली थी, लेकिन रेस्ट का एक घंटा भी नसीब नहीं हुआ था इसलिए तबीयत काबू से बाहर होती जा रही थी। खैर, दो दिन हृदय भर्ती रहा। ईईजी और तमाम दूसरे बड़े टेस्ट बता रहे थे कि बड़ा खतरा नहीं है। सिंपल फाइबरल सीजर है। घर पहुंचे। अगले दिन पापा को फॉलोअप के लिए अस्पताल लाना था। उन्हें यूरोलोजिस्ट के अलावा जनरल फिजीशियन और endocrinologist को दिखाना था। यूरोलोजिस्ट ने ओके बोल दिया था। बाकियों को दिखाया। फिर जो कुछ हुआ उसे मैं कबाड़ा कहूंगा और यहां उसका जिक्र किए बगैर उठाकर फेंक दूंगा बाहर। फेंक दूंगा, पर रहेगा भीतर ही।

बच्चों के ठीक होने के बाद पहले मैंने अपना चेकअप कराया। दो महीने तक दवा खाई और जब ठीक नहीं हुआ तो सारे मेडिकल टेस्ट करवाए। कुछ कुछ निकला। चार पांच जगह गड़बड़ थी। हाई बीपी की दवा 33 की उम्र में खाने लगा था। डॉक्टर ने कहा था, रेस्ट किए बिना कुछ नहीं हो सकता। और मैंने डॉक्टर से कहा था सॉरी डॉक्टर, रेस्ट अभी नहीं हो सकता।

तभी वाइफ को सीरियस वीकनेस की प्रॉब्लम होने लगी थी। चक्कर आ जाना रोज की बात होने लगी। पास के डॉक्टर को दिखाया, तो बात नहीं बनी। डॉक्टर कुसुम को दिखाया तो कहा, 15 दिन दवाई खाओ, ठीक नहीं हुईं तो एमआरआई करवाना पड़ेगा। खैर, 15 दिन बाद एमआरआई नहीं हुआ और दवाई एक महीने आगे तक की लिख दी गई।

इसके बाद कई ऐसी समस्याएं मुंह बाएं खड़ी थीं जो जीवन के सबसे बड़े घटनाक्रम होते हैं। उनको कचरा सिर्फ इसलिए कहूंगा क्योंकि उन्हें भूलना या फेंकना बस में नहीं, और साथ रखने की हिम्मत अभी जुटानी है।

खैर, एक दोस्त ने कहा था ऐसी चीजें लिखते वक्त ज्यादा इमोशनल होने से बचना चाहिए। बैलेंस टूट जाता है। जो नहीं लिखना चाहिए वह भी लिख जाते हो। सो बहुत सा सामान कचरा बताकर फेंक देता हूं और बहुत सा कचरा बिना बताए सिमेट देता हूं। और यहां लिखता हूं वो सबक जो हृदय और हार्दिक के पहले बर्थ डे पर एक साल के दौरान सीखने को मिले।

1
जीवन में कभी भी कुछ भी हो सकता है। बुरे से बुरा भी और अच्छे से अच्छा भी। आप बहुत से मामलों में कुछ नहीं कर सकते। इसलिए बुरे से बुरे को सहना सीखना चाहिए और अच्छे से अच्छे को हजम करना।

2
संघर्ष कर्म है। कर्म समझकर ही करना चाहिए। पीछे नहीं हटना चाहिए। फल की ज्यादा नहीं सोचनी चाहिए। बुरे फल का अंदेशा हो तो भी अच्छे के लिए कर्म करना बंद नहीं करना चाहिए।

3
दुख और सुख पूरे जीवन में आते जाते रहेंगे। दोनों ही हालात में स्थिर रहना सीखना चाहिए। कभी कभी हार मानने का मन करता है। हार मान भी लेते हैं। पर पूरी कोशिश फिर से उठने की करनी चाहिए। हालात कितने भी बुरे क्यों न हों, एक दिन जरूर चले जाते हैं।

4
जब पूरा जमाना आपको अपने खिलाफ लगे, तब भी अपने पर भरोसा रखो। अपने पर यकीन नहीं है तो कोई लड़ाई जीतना तो दूर, लड़ी ही नहीं जा सकती। खुद को ऐसे हालात में कमजोर महसूस करो तो देखो कि कहां से मजबूती मिलेगी। जहां से भी मिले, लो। और लड़ो। जीवन कुरुक्षेत्र है। बिना लड़े कोई नहीं जी सकता।

5
साथ कभी भी किसी का भी छूट सकता है। कोई परमानेंट साथी नहीं होता। सब रिश्ते दुनियावी हैं। रिश्ता छूटे, टूटे, बड़ी बात नहीं। बस खुद को मत टूटने दो। रिश्ते फिर भी जुड़ सकते हैं। आप टूट गए तो गए काम से।

6
भगवान पर भरोसा सबसे बड़ी ताकत है। जब आप अपनी लड़ाई उसे समर्पित कर देते हो या उसे अपनी लड़ाई में शामिल कर लेते हो तो समझो आपकी ताकत बढ़ गई। आप आधी लड़ाई तो तभी जीत जाओगे। आधी जीतने में यह आस्था या भरोसा साइकलॉजिकल और स्प्रिचुअल पार्ट प्ले करेगा। जिस दिन मैंने हार्दिक की बीमारी के बाद इसका परिणाम ऊपरवाले के हवाले किया था, मैं उस मामले में कभी निराश नहीं हुआ।

7
पूर्वाग्रहों पर जीवन जीना आग पर चलने जैसा है। पहले से कहा या बताया गया सब कुछ सही हो, ये जरूरी नहीं। जिंदगी के अनुभव सबसे सही पढ़ाई करवाते हैं। इससे पहले मैं पता नहीं कितने मामलों में खुद की सोच को एकदम पत्थर की लकीर जैसा मानता था, जो सब अब तक मिट गईं। पता नहीं कितने मामलों में मेरा घमंड धराशायी हो गया। जहां जहां मैं खुद को फन्नेखां समझता था, आधी से ज्यादा जगह मेरी हेंकड़ी निकल गई। और यह भी तय है कि अब भी जो कुछ जानता समझता हूं, सिर्फ उसी के भरोसे काम नहीं चलने वाला। अनुभवों से सीखने का कोर्स जारी रखना पड़ेगा। उम्रभर।

हैपी बर्थ डे हृदय और हार्दिक।
तुम्हें आजाद जीवन जीने में मदद कर सकूं, इसकी पूरी कोशिश करूंगा।

Friday, March 21, 2014

तमन्ना तुम कहां हो



हमारे प्रफेशन में कहा जाता है कि खबर यहां वहां हर कहीं बिखरी पड़ी होती हैं, सूंघना आना चाहिए। यह सुनते और देखते बहुत वक्त हो गया। कई रिपोर्टरों को देखा भी ऐसा करते। लेकिन सतह पर साफ पानी सी तैरतीं घटनाओं के भीतर कितनी व्याकुल तस्वीरें होती हैं, ये कम ही लोग देख पाते हैं। कुछ वक्त पहले निधीश जी की किताब आई, तमन्ना तुम अब कहां हो। किताब तब आई जब जिंदगी में ज्वारभाटों का दौर चल रहा था इसलिए पढ़ने का मौका नहीं मिला। बस व्याकुलता बनी रही कि निधीश जी की किताब आई है तो पढ़नी जरूर है। फेसबुक पर समीक्षाएं पढ़ पढ़ कर यह व्याकुलता बहुत व्यग्र हो चुकी थी। कुछ दिन पहले पता चला चंद्रभूषण जी के पास यह किताब है तो उनसे मांग ली। निधीश जी की कविताएं पहले से पढ़ता रहा हूं इसलिए मन में डर था कि जब किताब पढूंगा तो ठीक वैसी घबराहट और बेचैनी से सामना होगा जैसी अमृता प्रीतम का नॉवल कोरे कागज पढ़ते वक्त हुई थी। खैर, अब किताब का कुछ हिस्सा पढ़ लिया है। मेरा डर सही था इसलिए बीच बीच में पढ़ना बंद कर देता हूं। छटपटाहट होती है। कुछ सचाइयों का इलाज एसकेपिज्म ही होता है।
किताब में नए तरह का लेखन है। एक एक लाइन में पूरी पूरी कहानी है। पढ़ते हुए लगता है जैसे निधीश जी कह रहे हों, शब्द कम खर्च करके भी बात पूरी कही जा सकती है। वह अलग अलग अखबारों और वेब साइट्स के एडिटर रहे हैं। मेरे ब्लॉग में पहले भी कई जगह मैंने उनका जिक्र किया है। उनके साथ काम किया है, यह मैं अक्सर इतरा कर बताता हूं। लग रहा है कि यह बुक पढ़ने के बाद मेरी इतराहट और बढ़ेगी। इसकी कुछ झलकियां ब्लॉग पर साझा करके मैँ इसे उपकृत करना चाहता हूं। यह कहते हुए कि यह बुक जरूर पढ़ना। पढ़ते वक्त जरूर कुछ न कुछ, किसे न किसे, मिस करोगे। बुक नहीं पढ़ी तो बहुत कुछ मिस कर दोगे।


एक दो लाइन की कहानियां

1 मुझे दस साल लगे अपने हिंसक पति को छोड़ने में। अब वह कसमें खा रहा है कि वह बदल गया है और मुझे वापस चाहता है। आख़िर अब न कहने में इतनी दिक्कत क्यों हो रही है।


2 जब मेरे बच्चे मुसीबत लगने लगते हैं, तो मैं बांझ औरतों के ब्लॉग्स पढ़ती हूं और ख़ुद को फिर भाग्यशाली मानने लगती हूं।


3 मुझे कैंसर है जिसमें 4 फीसदी लोग ही 5 साल से ज्यादा बचते हैं। मैं इतना अकेला हूं कि शॉवर में खड़ा होकर रोज़ रोता हूं।


रेडियो पर गाना
देर रात पार्टी से लौटते वक्त उसकी कार के रेडियो में वह गाना बजने लगा। बाहर बारिश हो रही थी। उसने गाड़ी सड़क के किनारे लगा ली। और गाना ख़त्म होने के थोड़ी देर बाद तक स्टार्ट नहीं की। वह रोना चाहता था। पर फिर उसे लगा कि वह नशे में है। उसने रेडियो बंद कर दिया। खिड़की खोल दी। बारिश का पानी भीतर आने लगा। वह ज़ोरों से अपने बेसुरे गले से उस गाने का फटा बांस करने लगा।


न नज़रें चुराईं

वह दोपहर की शिफ्ट में अखबार में बैठा काम कर रहा था। यकायक उसे लगा उसकी कुर्सी को किसी ने धक्का दिया है। पर कोई नहीं था। मुड़कर देखा तो किसी ने कहा अर्थक्वेक। उनका दफ़्तर पहली मंज़िल पर था। सभी बाहर भागे। वह अंदर की तरफ। जहां वह बैठती थी। फिर वे दोनों बाहर निकले। बिना हाथ में हाथ लिए। पर बिना नज़रें चुराए। सिर्फ़ एक झेंप के साथ कि कहीं कोई देख लेता तो लोग क्या कहते। जान बचाने की सभी को फिक्र थी। किसी ने नोटिस नहीं किया। उसके बाद वह उस पर थोड़ा ज़्यादा मरने लगी। और उसके लिए वह थोड़ा और कीमती हो गई।

Thursday, January 2, 2014

कौन स्कॉबी?

स्कॉबी कौन है, यह मैं बताना नहीं चाहता। बहुत पर्सनल सा सवाल है। लेकिन यह सच है कि कभी कभी पर्सनल चीजों की नुमाइशें हम लगा लिया करते हैं। मैं खुली नुमाइश नहीं लगा रहा, लेकिन किसी उदास भाव से मुक्ति का कभी कभी कोई और जरिया बचता भी नहीं। स्कॉबी करीब 10 साल से मेरे बेहद व्यक्तिगत और अकेले वक्त का साथी है। बेहद अजीब बात यह है कि वह कभी मुझसे मुस्कुराकर नहीं मिलता। न ही मुस्कुराने देता है। इसलिए मैं उसके साथ हर वक्त कम्फर्टेबल महसूस नहीं करता। पर जैसा कि मैंने कहा, एक खास वक्त जब कोई और मेरे साथ नहीं होता, स्कॉबी मुझे जॉइन कर लेता है। कभी कभी तो वह सालों बाद मिलता है। ऐसे में कई बार याद भी नहीं रहता। पर यही सबसे बड़ी दिक्कत है। स्कॉबी के न होने पर उसको भूल जाना ही सबसे बड़ी विडंबना है। इसी से वह नौबत आती है, जब स्कॉबी को आकर याद दिलाना पड़ता है कि वह भी है। इस विडंबना पर ही यह कविता लिखी गई है। ब्लॉग पर डाल रहा हूं ताकि याद रहे कि स्कॉबी को भूलना नहीं है।



स्कॉबी को जानते हो?
कौन स्कॉबी
अच्छा अच्छा, हां जानता हूं
नहीं, तुम झूठ बोल रहे हो
नहीं जानते
जानते होते तो तुम्हें पता होता कि दया कितनी क्रूर होती है
और यह भी पता होता कि प्यार कभी सुरक्षित नहीं होता
अकेला रह जाना तुम्हें अजीब नहीं लगता,
तुम्हें यह भी पता होता कि मदद करना मुसीबतों को न्यौता देना होता है
और यह भी कि जिंदगी भर समझौते करने के बाद भी खुशी की गारंटी नहीं मिलती
पाप से बचने की कोशिश कभी कभी जिंदगी का सबसे बड़ा पाप करवा देती है
तुम स्कॉबी को नहीं जानते
इसलिए तुम स्कॉबी को समझ भी नहीं सकते
तुम्हें याद है ना स्कॉबी मर चुका है
जैसे स्कॉबी की बात करते हुए
मर जाता है
तुम्हारे भीतर कुछ।




फोटो : गूगल से साभार

Monday, December 16, 2013

बात मत टालो



गड्डमड्ड है। सही है कि गलत, पता नहीं, मगर है तो सही। एक ही पल में शीतल और उसी पल में सिहरन पैदा करने वाला। मुस्कुराहट को नौंचती उदासी को क्या कहना चाहोगे?

मुस्कुराहट देखनी है तो देख लो, दिख जाएगी। मगर कुछ और मत पूछना। इस मुस्कुराहट की कोई किस्म नहीं होती। होती भी होगी तो अभी पता नहीं। पहली बार कोई मिले तो उसे पहचानने में वक्त तो लगता ही है। हां, बस इतना पता चला है कि है ये मुस्कुराहट ही।

नहीं, वो उदासी वुदासी कुछ नहीं, ऐसे ही गलती से लिखा गया। लिखा गया तो क्या जरूरी है कि मिटाया जाए। मिटाना कभी कभी अपने हाथ में होता भी नहीं। और कभी होता है तो भी जरूरी तो नहीं मिटाने का भी मूड हो। मिटनी होगी तो अपने आप मिट जाएगी।

देखो कुछ चीजें समझना आसान नहीं होता और कुछ को समझाना। कुछ चाहकर भी समझ नहीं आतीं और और कुछ चाहकर भी समझना नहीं चाहते। इसी लिए तो कहते हैं गड्डमड्ड। ये ऐसा शब्द है जिसे अपने अपने तरीके से समझा जा सकता है। ये व्याकरण से बाहर है। सबका अपना अपना है, और किसी का अपना नहीं।

चलो कुछ और बात करो। उन फूलों की बात करो जो घर के बगीचे में अभी नए खिले हैं। नागफनी के उन कांटों की नहीं, जो थे तो उसी बाग में मगर पहले कभी नजर नहीं आए। फूल को देखोगे तो बगीचा आंखों को सुहाएगा। नागफनी कभी सुहाती है क्या!

सुहाए न सुहाए, होती तो है ना।

तुमने वो नई प्रेम कहानियां पढ़ीं जो अभी अभी बाजार में नई आई हैं? 'तमन्ना तुम अब कहां हो'। नहीं पढ़ीं! पढ़ने का मन नहीं, कहकर बात मत टालो। कभी कभी पढ़कर मन बदल जाता है। हां हां, ठीक है, प्रेम कहानियों में भी अंत दुखद होते हैं, पर तुम पूरी मत पढ़ो। जब अंत होने लगे तो पढ़ना छोड़ दो।

सुनो, एक बात कहूं, नाराज तो नहीं होओगे?

ये सोचने की प्रैक्टिस करो कि सब ठीक हो जाएगा। ये बड़ी मजेदार प्रैक्टिस होती है। होना वोना कुछ हो न हो, लगने लगता है कि हो जाएगा।

बाए! टेक केअर।

Monday, August 19, 2013

अमृता का नॉवल पढऩे के बाद......




कुरुक्षेत्र में था। प्रो. कथूरिया वेस्ट लैंड पढ़ाने आए थे। तब अंग्रेजी डिपार्टमेंट के हेड थे। यूं पढ़ाया था कि लगा ईलियट का वेस्ट लैंड भी मेरा वेस्ट लैंड ही है। एक घंटे की क्लास थी। इस एक घंटे में न जाने कितने वेस्ट लैंड तब मेरे बैंच पर मेरे साथ बैठे थे। मुझे डिस्टर्ब नहीं कर रहे थे, लेकिन मैं समझ गया था कि अब नहीं क्लास के बाद डिस्टर्ब करेंगे। क्लास के बाद एक एक कर ये वेस्ट लैंड किसी जहरीली बेल की तरह मेरे हाथ, पांव, सीने, सिर से लिपटने लगे। घबराकर प्रो. कथूरिया के पास गया उनके ऑफिस में। सोचा वेस्ट लैंड के एक्सपर्ट हैं, इनसे बचना भी सिखाएंगे। बातों बातों में उन्होंने कहा... हर किसी का अपना कुरुक्षेत्र होता है। मेरा भी है। तुम्हारा भी। उम्र भर यह कुरुक्षेत्र हमारे भीतर रहेगा। लडऩा तो पड़ेगा ही। लड़ते रहना सीख लेना चाहिए।


8-9 साल हो गए उन बातों को। अब कुरुक्षेत्र की आदत पड़ चुकी है। फिर भी कभी कभी इस कुरुक्षेत्र में अभिमन्यु सा अकेला रह जाने का अहसास हो ही जाता है। कभी कभी। अक्सर नहीं। दो-तीन दिन पहले अमृता प्रीतम का नॉवल कोरे कागज पढ़ते वक्त यह अहसास लौटा था। कुछ जलते हुए अक्षर अक्सर पढऩे वाले का मन सुलगा देते हैं। अमृता के ही शब्द हैं... कागज को शाप है कि वह नहीं जलता। नहीं तो न जाने कितनी किताबें अपने आप सुलग जातीं। खैर, इस कुरुक्षेत्र से निकलने के लिए अक्सर मैं अक्षरों को हथियार बनाने की कोशिश करता हूं। तब भी यही किया। मेरी लिखीं ये लाइनें अब आपके लिए....

कभी कभी कुछ ऐसा कहने का मन करता है, जो शब्दों से नहीं कहा जा सकता।
कभी कभी यूं चुप रहने का मन करता है, जैसा खामोशी से नहीं रहा जा सकता।
चुपचाप कुछ कहकर अंदर उठते शोर को शांत करके देखो, बड़ा मजा आएगा।
बेमतलब बातों के जंगल में सन्नाटे के साथ सैर करके देखो, बड़ा मजा आएगा।
कुछ कहना, ना कहना
चुप रहना, ना रहना
कभी कभी सब बेमानी है
जिंदगी पांव में धूप लपेटे अंधेरे की कहानी है




पेंटिंग गूगल से साभार

Saturday, June 15, 2013

दीवार से लटकती बेल

कभी वो बेल देखी है जो जिसका तना मजबूत नहीं होता। वो जो ऊपर बढ़ती है तो अपने ही पत्तों के बोझ से झुक जाती है। फिर उसमें से तार जैसे महीन धागे से निकलने लगते हैं और वो जिससे भी टच होते हैं, उसे के चारों और घूम जाते हैं। फिर बेल उसके सहारे ऊपर उठती है। फिर अपने ही पत्तों के बोझ से झुकती है तो उसमें से निकला वो तार जैसा धागा फिर अपने आसपास किसी और चीज से लिपट जाता है। फिर देखते ही देखते वह बेल अपने आप ऊपर की और बढ़ती जाती है और एक दिन भरी पूरी हो जाती है। अपनी हरियाली से पूरी दीवार को ढंक लेती है और उसकी वजह से उसके आसपास का सब कुछ हरा भरा, सुंदर सुंदर सा लगने लगता है।

दीवार से लटकती ऐसी बेलें सबने देखी होगी। पर ऐसी ही कुछ बेलें हमारे बीच में भी पलती हैं, जो अक्सर हम देखते हैं पर उन पर गौर नहीं करते। मैंने ऐसी बेलें बहुत करीब से देखी हैं। मुझे उनका अपने आसपास किसी न किसी से लिपट कर ऊपर बढ़ते जाना बहुत सुहाता है। आज सुबह अखबार में पूजा प्रसाद का आर्टिकल पढ़ा। पूजा ने ऐसी ही तीन बेलों का जिक्र किया था। कुछ ही देर में लगा कि अखबार से कुछ तार जैसे धागे निकल कर मेरे चारों और लिपट रहे हैं। फिर जेहन में कई सारी बेलें आ गईं और उनके तार जैसे धागे भी। जैसे तैसे उन धागों से निकलकर ऑफिस के लिए चल दिया। रास्ते भर सोचता रहा, क्या कोई बेल ऐसे ऊपर बढऩे पर खुश होती होगी या उसे यह पछतावा होता होगा कि मेरा तना इतना मजबूत क्यों नहीं कि मैं बिना किसी से लिपटे ऊपर बढ़ सकूं।

पता है, कुछ बेलें ऐसी भी होती हैं जो अपने मजबूत तनों की कद्र नहीं करतीं। जब वे ऊपर बढ़ जाती हैं तो उन्हें लगता है उसके ऊपर बढऩे में उसके तने का कोई रोल नहीं। उसका तना बेकार है। उसे अपनी हरियाली दिखती है बस। ऐसी बेलें अगर मजबूत तना नहीं होने के कारण तार जैसे धागों के सहारे ऊपर बढ़ती बेलों को देखें तो उन्हें पता चले कि उनका तना ही है जिसकी वजह से वे आसानी से ऊपर बढ़ी हैं। मैं उस आर्टिकल को एज इट ईज ब्लॉग पर डाल रहा हूं।

भगवान करे बिना मजबूत तने की बेलें ऐसे ही ऊपर बढ़ती रहें।

और मजबूत तने वाली बेलें अपने तने का शुक्रिया अदा करना सीखें।



एक है विनय। बेहद कम हंसता है। हंसी आए भी तो माथे पर शिकन लाकर हंसी को दबा लेता है। हंसना बच्चा होने की निशानी है, ऐसा लगता है उसे।
एक है मृणाल। हर समय अपनी देहयष्टि और रूप-रंग को लेकर परेशान और सतर्क रहती है। कहती है, अपने लिए लड़का खुद ही ढूंढना है उसे। इसलिए, आम लड़कियों से 'ज्यादा एलीजिबल' होना चाहिए उसे।
एक है गौरव। उसकी कोई गर्लफ्रेंड नहीं है। वह किसी हमउम्र से नजदीकी बढ़ने पर खुद को जल्द ही उससे दूर कर लेता है। कहता है, उसके ऐज ग्रुप की लड़कियां मेंटली और इमोशनली बहुत ही 'बच्ची' होती हैं। उसे कोफ्त होती है।
तीनों की उम्र 19 से 23 के बीच है। तीनों पढ़ रहे हैं। दिल्ली में रहते हैं। मिडल क्लास फैमिली से हैं। इन तीनों में एक और समानता है- पिता के हाथ का अहसास इनकी हथेलियों से काफी पहले गुम हो गया था। बचपन में ही तीनों अपने-अपने पिता खो चुके हैं। इत्तेफाक से, पिछले दो महीने में मैं इन तीनों के अलावा भी कुछ ऐसे लोगों के संपर्क में आई जिनके पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं।
बड़ा होना इतना भी बड़ा नहीं कि उम्र से पहले ही बड़ा हो लिया जाए। ऐसा सा ही कुछ मैं विनय को कहती। लेकिन कुछ अजीब सा छाती पर अटा सा पड़ा रहता है उसके। वह बोलने-चालने में निपुण है और उसके व्यवहार से उसके जहनोदिल पर बिछी उस मोटी परत का अंदाजा नहीं लगता जिसे वयस्कता कहते हैं। एक अजीब सा अपराध बोध उसे महसूस होता है यदि वह रिलैक्स रहता है। उसे लगता है कि उसे और जिम्मेदार होना चाहिए। वह परिवार से संबंधित कई जिम्मेदारियां उठाता है। घर बाहर के कई काम करता है। सोसायटी का लोकप्रिय 'बेटा' है। कई आंटियों की जब-तब मदद करता है। लेकिन, सबका राजा बेटा विनय खुद की एक्सपेक्टेशन्स पर खरा नहीं उतर पाता। सच तो यह है (जैसा कि उसने खुद कहा भी) कि वह अपने भीतर अपने पिता को देखना चाहता है। वह अपने व्यवहार में अपने पिता सा होना चाहता है। परिवार में खुद को पिता के रूप में देखने के लिए वह ऐसी असंभव जद्दोजहद कर रहा है जो उसे कतई नहीं करनी चाहिए। आखिर वह एक अलग शख्सियत है। लेकिन, जिंदगी 'चाहिए' पर नहीं चलती। उम्मीदें 'चाहिए' के आधार पर नहीं जन्म लेतीं।
मैं छोटी थी, तब अक्सर सुनती थी, फलां के पिता नहीं हैं न, इसलिए वह बड़ा ही बदमाश किस्म का है... पढ़ने-लिखने में फिसड्डी है... मां की सुनता नहीं है... उद्दंड है...। लेकिन, देख रही हूं कि पिता जब कोमल उंगलियों को परिपक्व होने से पहले ही झटक कर चले जाते हैं, तब वे कोमल उंगलियां वक्त से पहले ही प्रौढ़ हो जाती हैं। बीच के कुछ साल, जैसे, जिंदगी से गायब हो जाते हैं। इन गायब दिनों को भर पाना संभव है क्या? कैसे? कल के दिन मुझे विनय,मृणाल और गौरव बहुत याद आएंगे। कल फादर्स डे है न।... और मैं कल के दिन अपने पिता से लिपट कर बस रोना चाहती हूं।

Thursday, May 30, 2013

गौरेया मेरे पास आई थी


निधीश त्यागी जी की बात याद आ गई। एक दिन उन्होंने कहा था कि कविता गौरेया की तरह होती है, बुलाओ तो नहीं आती, अपने आप ही आती है। कुछ दिन पहले यह गौरेया मेरे पास आई थी। मैंने इसके पंख सहलाए थे और दोनों हाथों से उठाकर अपने कंधे पर बिठाया था। लेकिन फिर नींद आ गई और अगले दिन गौरेया का ख्याल भी उसकी तरह उड़ गया। इसके नन्हें पंजों के निशान वाला कागज मेरे पास रह गया था। जब जब इन निशानों को देखा, सोचा सबको दिखाता हूं कि गौरेया आई थी। पर फिर पता नहीं क्यों, कागज मोड़ के फिर जेब में रख लेता था। आज अचानक इस कागज ने पड़े पड़े फडफ़ड़ाना शुरू कर दिया। लगा कि वही गौरेया कहीं किसी जाल में उलझ गई है और पंख फडफ़ड़ा रही है। इसकी छटपटाहट को दूर ना किया तो बेचारी कहीं मर ना जाए। मैंने कागज निकाला और उन पंजों के निशान समेत हवा में उड़ा दिया। यह निशान अब मेरे ब्लॉग पर छप गए हैं। मैं जब चाहे इसे देख सकूंगा। आप भी देख सकते हैं। पता नहीं आपको गौरेया दिखाई दे या नहीं, पर मुझे दिख रही है। जब तक यह फिर नहीं आती, मैं इन्हीं निशानों से काम चलाऊंगा।

कितना बोर हो गया है ये टेलिविजन
300 चैनल हैं पर एक पर भी ढंग का प्रोग्राम नहीं आता
इंटरनेट भी तो कम बोरिंग नहीं
पचास साइट खोल ली एक पर भी टिकने का मन नहीं
कूलर का पंप चलाओ तो ठंडा ज्यादा
न चलाओ तो कमबख्त कितनी गर्म हवा देता है
सोफे पर सोऊं या बेड पर जाऊं
गली के बच्चे कितने नीरस हैं, कोई शोर ही नहीं
मां पूछती है क्या सब्जी बनाऊं, क्या बताऊं
खाने का मन नहीं, भूख तो लगी है लेकिन
चलो टहल के आता हूं,
रहने दे यार, धूल धक्कड़ में कैसा टहलना
फेसबुक पर क्या खाक चेक करूं,
कोई ढंग की पोस्ट ही नहीं करता, हां मैं भी नहीं
और ये गानों को क्या हुआ, सारे फेवरिट कानों को खा रहे हैं
वक्त पैर पर पत्थर बांधे औंधे मुंह पड़ा ऊंघ रहा है
जी करता है इसका इल्जाम अपने सिर पे ले लूं
खुद उसकी जगह बेहोश हो जाऊं
और उसे होश में लाकर उड़ा दूं आसमान में।

Wednesday, April 24, 2013

ओपड़ी गुडग़ुड़ दी

हिंदुस्तान और पाकिस्तान के बंटवारे के बारे में जब कभी कोई जिक्र आता है तो मन में अजीब सा मिश्रित सा भाव तैर जाता है। मेरा ख्याल है कि हमारे देश के (शायद पाकिस्तान के भी) युवा अक्सर इस मिश्रित भाव से रूबरू होते होंगे। (मैं तो ऐसा ही सोचता हूं, हो सकता है ये मेरी गलतफहमी हो)। अब तक कहानियों किताबों में ही उन हालात के बारे में सुना है, जब अपनी जीवन भर की पूंजी, जन्मभूमि और अपनी जगह से मिला अपनापन छोड़कर एक पार के लोग दूसरी पार गए थे। अब तक अमृता प्रीतम और कुछ और की रचनाओं से वह तकलीफ महसूस करने की कोशिश की थी, लेकिन आज सआदत हसन मंटो की कहानी, 'टोबा टेक सिंह' पढऩे का टाइम मिला। बहुत सुना था इसके बारे में। इसे पढ़कर कैसा लगा, यह मैं यहां लिखूंगा नहीं। सोचता हूं इस कहानी को पढ़वाकर आपको महसूस ही करवा दूं, तब शायद इसे ज्यादा ठीक अभिव्यक्ति मिले। और हां...एक रिक्वेस्ट : 20-25 मिनट की फुर्सत और पेशंश हो तो ही पढऩा शुरू करें, वरना फिर कभी सही।
पढऩे लिखने की जिन्हें ज्यादा आदत या शौक नहीं, वे शायद मंटो के बारे में ज्यादा नहीं जानते होंगे, इसलिए थोड़ा सा बता दूं कि यह बहुत बड़े कहानीकार, फिल्म लेखक हुए हैं। इनकी कहानियों को पाकिस्तान में बैन भी किया गया। मुकदमा तक चला। बताते हैं कि इससे मंटो इतने आहत थे कि उनका दिमागी संतुलन तक बिगड़ गया था। भारत पाकिस्तान के बंटवारे को मंटो ने बहुत नजदीक से देखा था। बॉलिवुड में कई फिल्में लिखने के बाद उन्होंने पाकिस्तान जाने का फैसला कर लिया था। 1955 में उनकी मौत हो गई थी। उनकी कहानियां बवाल मचा दिया करती थीं। वाकई उनकी कलम में आग थी। यह कहानी मैंने http://gadyakosh.org/gk पर पढ़ी। रमेश तिवारी जी ने कल मुझे इस साइट के बारे में बताया था। साइट गजब की है और पढऩे के शौकीनों को यह कहने में ताज्जुब नहीं लगेगा। यह साइट से साभार ले रहा हूं। बस, कुछ बेहद मुश्किल उर्दू शब्दों को आसान हिंदी शब्दों में बदला है, वह भी बस इस मंशा से कि पढऩे में आसानी रहे। बाकी वर्ड टु वर्ड वही है।



टोबा टेक सिंह
बंटवारे के दो-तीन साल बाद पाकिस्तान और हिंदुस्तान की हुकूमतों को ख्याल आया कि बाकी कैदियों की तरह पागलों का भी तबादला होना चाहिए, यानी जो मुसलमान पागल हिन्दुस्तान के पागलखानों में हैं उन्हें पाकिस्तान पहुंचा दिया जाए और जो हिन्दू और सिख पाकिस्तान के पागलखानों में है उन्हें हिन्दुस्तान के हवाले कर दिया जाए।
मालूम नहीं यह बात माकूल थी या गैर-माकूल थी। बहरहाल, सरकारों के फैसले के मुताबिक इधर-उधर ऊँची सतह की कॉन्फ्रेंसें हुई और दिन आखिर एक दिन पागलों के तबादले के लिए मुकर्रर हो गया। अच्छी तरह छानबीन की गयी। वो मुसलमान पागल जिनके सगे सम्बन्धी हिन्दुस्तान ही में थे वहीं रहने दिये गये थे। बाकी जो थे उनको सरहद पर रवाना कर दिया गया। यहां पाकिस्तान में चूंकि करीब-करीब तमाम हिन्दु सिख जा चुके थे इसलिए किसी को रखने-रखाने का सवाल ही न पैदा हुआ। जितने हिन्दू-सिख पागल थे सबके सब पुलिस की हिफाजत में सरहद पर पहुंचा दिये गये।
उधर का मालूम नहीं। लेकिन इधर लाहौर के पागलखानों में जब इस तबादले की खबर पहुंची तो बड़ी दिलचस्प चर्चाएं होने लगी। एक मुसलमान पागल जो बारह बरस से हर रोज बाकायदगी से जमींदार पढ़ता था, उससे जब उसके एक दोस्त ने पूछा-
– मोल्हीसाब। ये पाकिस्तान क्या होता है ?
तो उसने बड़े गौरो-फिक्र के बाद जवाब दिया-
– हिन्दुस्तान में एक ऐसी जगह है जहां उस्तरे बनते हैं।
ये जवाब सुनकर उसका दोस्त चुप हो गया।
इसी तरह एक और सिख पागल ने एक दूसरे सिख पागल से पूछा
– सरदार जी हमें हिन्दुस्तान क्यों भेजा जा रहा है - हमें तो वहां की बोली नहीं आती।
दूसरा मुस्कराया-
– मुझे तो हिन्दुस्तान की बोली आती है - हिन्दुस्तानी बड़े शैतानी आकड़-आकड़ फिरते हैं।
एक मुसलमान पागल ने नहाते-नहाते 'पाकिस्तान जिन्दाबाद' का नारा इस जोर से बुलन्द किया कि फर्श पर फिसल कर गिरा और बेहोश हो गया।
बाज पागल ऐसे थे जो पागल नहीं थे। उनमें प्रवृति ऐसे कातिलों की थी जिनके रिश्तेदारों ने अफसरों को दे-दिलाकर पागलखाने भिजवा दिया था कि फांसी के फंदे से बच जायें। ये कुछ-कुछ समझते थे कि हिंदुस्तान को क्या नसीब हुआ और यह पाकिस्तान क्या है, लेकिन असलियत से ये भी बेखबर थे। अखबारों से कुछ पता नहीं चलता था और पहरेदार सिपाही अनपढ़ और जाहिल थे। उनकी गुफ्तगू (बातचीत) से भी वो कोई नतीजा हासिल नहीं कर सकते थे। उनको सिर्फ इतना मालूम था कि एक आदमी मुहम्मद अली जिन्ना है, जिसको कायदे आज़म कहते हैं। उसने मुसलमानों के लिए एक अलग मुल्क बनाया है जिसका नाम पाकिस्तान है। यह कहां है? इसका स्थल क्या है, इसके बारे में वह कुछ नहीं जानते थे। यही वजह है कि पागलखाने में वो सब पागल जिनका दिमाग पूरी तरह खराब नहीं हुआ था, इस असमंजस में थे कि वो पाकिस्तान में हैं या हिन्दुस्तान में। अगर हिन्दुस्तान में हैं तो पाकिस्तान कहां है। अगर वो पाकिस्तान में है तो ये कैसे हो सकता है कि वो कुछ अरसा पहले यहां रहते हुए भी हिन्दुस्तान में थे। एक पागल तो पाकिस्तान और हिन्दुस्तान, और हिन्दुस्तान और पाकिस्तान के चक्कर में कुछ ऐसा गिरफ्तार हुआ कि और ज्यादा पागल हो गया। झाडू देते-देते एक दिन दरख्त पर चढ़ गया और टहनी पर बैठ कर दो घंटे दलीलें देता रहा, जो पाकिस्तान और हिन्दुस्तान के नाजुक मसले पर था। सिपाहियों ने उसे नीचे उतरने को कहा तो वो और ऊपर चढ़ गया। डराया, धमकाया गया तो उसने कहा-
– मैं न हिन्दुस्तान में रहना चाहता हूं न पाकिस्तान में। मैं इस दरख्त पर ही रहूंगा।
एक एम.एससी. पास रेडियो इंजीनियर में, जो मुसलमान था और दूसरे पागलों से बिल्कुल अलग-थलग, बाग की एक खास क्यारी पर सारा दिन खामोश टहलता रहता था, यह तब्दीली हुई कि उसने तमाम कपड़े उतारकर जेलकर्मी के हवाले कर दिये और नंगधंडंग़ सारे बाग में चलना शुरू कर दिया।
यन्यूट के एक मौटे मुसलमान पागल ने, जो मुस्लिम लीग का एक कार्यकर्ता था और दिन में पन्द्रह-सोलह बार नहाता था, एकदम यह आदत छोड़ दी। उसका नाम मुहम्मद अली था। और तो और, उसने एक दिन अपने जंगले में ऐलान कर दिया कि वह कायदे आज़म मोहम्मद अली जिन्ना है। उसकी देखादेखी एक सिख पागल मास्टर तारासिंह बन गया। करीब था कि उस जंगले में खून-खराबा हो जाय, मगर दोनों को खतरनाक पागल करार देकर अलग-अलग बंद कर दिया गया।
लाहौर का एक नौजवान हिन्दू वकील था जो मुहब्बत में फेल होकर पागल हो गया था। जब उसने सुना कि अमृतसर हिन्दुस्तान में चला गया है तो उसे बहुत दुख हुआ। इसी शहर की एक हिन्दू लड़की से उसे मुहब्बत हो गयी थी। गो उसने इस वकील को ठुकरा दिया था, मगर दीवानगी की हालत में भी वह उसको नहीं भूला था। चुनांचे वह उन तमाम मुस्लिम लीडरों को गालियां देता था, जिन्होंने मिल मिलाकर हिन्दुस्तान के दो टुकड़े कर दिये। उसकी महबूबा हिन्दुस्तानी बन गयी और वह पाकिस्तानी।
जब तबादले की बात शुरू हुई तो वकील को कई पागलों ने समझाया कि वह दिल बुरा न करे, उसको हिन्दुस्तान वापस भेज दिया जायेगा। उस हिन्दुस्तान में जहां उसकी महबूबा रहती है। मगर वह लाहौर छोडऩा नहीं चाहता था। इस ख्याल से कि अमृतसर में उसकी प्रैक्टिस नहीं चलेगी।
यूरोपियन वार्ड में दो एंग्लो-इण्डियन पागल थे। उनको जब मालूम हुआ कि हिन्दुस्तान को आजाद करके अंग्रेज चले गये हैं तो उनको बहुत रंज हुआ। वह छुप-छुप कर इस मसअले पर गुफ्तगू करते रहते कि पागलखने में उनकी हैसियत क्या होगी। यूरोपियन वार्ड रहेगा या उड़ जाएगा। ब्रेकफास्ट मिलेगा या नहीं। क्या उन्हें डबलरोटी के बजाय ब्लडी इण्डियन चपाती तो नहीं खानी पड़ेगी?
एक सिख था जिसको पागलखाने में दाखिल हुए पन्द्रह बरस हो चुके थे। हर वक्त उसकी जबान पर अजीबोगरीब अल्फाज सुनने में आते थे, 'ओपड़ी गुडग़ुड़ दी एन्क्स दी बेध्याना विमन्ग दी बाल आफ दी लालटेन।' वो न दिन में सोता था न रात में। पहरेदारों का कहना था कि पन्द्रह बरस के लंबे अर्से में एक एक लम्हे के लिए भी नहीं सोया। लेटा भी नहीं था। अलबत्ता किसी दीवार के साथ टेक लगा लेता था।
हर वक्त खड़ा रहने से उसके पांव सूज गये थे। पिंडलियां भी फूल गयीं थीं। मगर इस जिस्मानी तकलीफ के बावजूद वह लेटकर आराम नहीं करता था। हिन्दुस्तान-पाकिस्तान और पागलों के तबादले के बारे में जब कभी पागलखाने में गुफ्तगू होती थी तो वह गौर से सुनता था। कोई उससे पूछता कि उसका क्या खयाल है तो बड़ी संजीदगी से जवाब देता, 'ओपड़ी गुडग़ुड़ दी एन्क्स दी बेध्याना विमन्ग दी वाल आफ दी पाकिस्तान गवर्नमेंट।'
लेकिन बाद में आफ दी पाकिस्तान गवर्नमेंट की जगह आफ दी टोबा टेकसिंह गवर्नमेंट ने ले ली और उसने दूसरे पागलों से पूछना शुरू किया कि टोबा टेकसिंह कहां है जहां का वो रहने वाला है। लेकिन किसी को भी नहीं मालूम था कि वो पाकिस्तान में है या हिन्दुस्तान में। जो यह बताने की कोशिश करते थे वो खुद इस उलझाव में गिरफ्तार हो जाते थे कि स्याल कोटा पहले हिन्दुस्तान में होता था, पर अब सुना है कि पाकिस्तान में है। क्या पता है कि लाहौर जो अब पाकिस्तान में है कल हिन्दुस्तान में चला जाएगा या सारा हिन्दुस्तान हीं पाकिस्तान बन जायेगा। और यह भी कौन सीने पर हाथ रखकर कह सकता था कि हिन्दुस्तान और पाकिस्तान दोनों किसी दिन सिरे से गायब नहीं हो जायेंगे।
उस सिख पागल के केस छिदरे होके बहुत कम रह गए थे। चूंकि वह बहुत कम नहाता था इसलिए दाढ़ी और बाल आपस में जम गये थे जिनके कारण उसकी शक्ल बड़ी भयानक हो गयी थी। मगर आदमी किसी को नुकसान पहुंचाने वाला नहीं था। पन्द्रह बरसों में उसने किसी से झगड़ा-फसाद नहीं किया था। पागलखाने के जो पुराने मुलाजिम थे वो उसके बारे में इतना जानते थे कि टोबा टेकसिंह में उसकी कई जमीनें थीं। अच्छा खाता-पीता जमींदार था कि अचानक दिमाग उलट गया। उसके रिश्तेदार लोहे की मोटी-मोटी जंजीरों में उसे बांधकर लाये और पागलखाने में दाखिल करा गये।
महीने में एक बार मुलाकात के लिए ये लोग आते थे और उसकी खैर-खैरियत पता करके चले जाते थे। एक अरसे तक ये सिलसिला जारी रहा, पर जब पाकिस्तान हिन्दुस्तान की गड़बड़ शुरू हुई तो उनका आना बन्द हो गया।
उसका नाम बिशन सिंह था। मगर सब उसे टोबा टेकसिंह कहते थे। उसको ये मालूम नहीं था कि दिन कौन-सा है, महीना कौन-सा है या कितने दिन बीत चुके हैं। लेकिन हर महीने जब उसके अजीज व सम्बन्धी उससे मिलने के लिए आते तो उसे अपने आप पता चल जाता था। मानो वो जेलकर्मी से कहता कि उसकी मुलाकात आ रही है। उस दिन वह अच्छी तरह नहाता, बदन पर खूब साबुन घिसता और सिर में तेल लगाकर कंघा करता। अपने कपड़े जो वह कभी इस्तेमाल नहीं करता था, निकलवा के पहनता और यूं सज-बन कर मिलने वालों के पास आता। वो उससे कुछ पूछते तो वह खामोश रहता या कभी-कभार 'ओपड़ी गुडग़ुड़ दी एन्क्स दी वेध्याना विमन्ग दी वाल आफ दी लालटेन' कह देता। उसकी एक लड़की थी जो हर महीने एक उंगली बढ़ती-बढ़ती पन्द्रह बरसों में जवान हो गयी थी। बिशन सिंह उसको पहचानता ही नहीं था। वह बच्ची थी जब भी आपने बाप को देखकर रोती थी, जवान हुई तब भी उसकी आंख में आंसू बहते थे। पाकिस्तान और हिन्दुस्तान का किस्सा शुरू हुआ तो उसने दूसरे पागलों से पूछना शुरू किया कि टोबा टेकसिंह कहां है। जब सन्तोषजनक जवाब न मिला तो उसकी कुरेद दिन-ब- दिन बढ़ती गयी। अब मुलाकात नहीं आती है। पहले तो उसे अपने आप पता चल जाता था कि मिलने वाले आ रहे हैं, पर अब जैसे उसके दिल की आवाज भी बन्द हो गयी थी जो उसे उनकी आमद की खबर दे दिया करती थी।
उसकी बड़ी ख्वाहिश थी कि वो लोग आयें जो उससे हमदर्दी का इजहार करते थे ओर उसके लिए फल, मिठाइयां और कपड़े लाते थे। वो उनसे अगर पूछता कि टोबा टेकसिंह कहां है तो यकीनन वो उसे बता देते कि पाकिस्तान में है या हिन्दुस्तान में, क्योंकि उसका ख्याल था कि वो टोबा टेकसिंह ही से आते हैं जहां उसकी जमीनें हैं।
पागलखाने में एक पागल ऐसा भी था जो खुद को खुदा कहता था। उससे जब एक दिन बिशन सिंह ने पूछा कि टोबा टेकसिंह पाकिस्तान में है या हिन्दुस्तान में तो उसने आदत के अनुसार कहकहा लगाया और कहा
– वो न पाकिस्तान में है न हिन्दुस्तान में, इसलिए कि हमने अभी तक हुक्म नहीं लगाया।
बिशन सिंह ने इस खुदा से कई मरतबा बड़ी मिन्नत से कहा कि वो हुक्म दे दे ताकि झंझट खत्म हो, मगर वो बहुत बिजी था, इसलिए कि उसे ओर बेशुमार हुक्म देने थे। एक दिन तंग आकर वह उस पर बरस पड़ा, 'ओपड़ी गुडग़ुड़ दी एन्क्स दी बेध्याना विमन्ग दी वाल आफ वाहे गुरूजी दा खलसा एन्ड वाहे गुरूजी की फतह। जो बोले सो निहाल सत सिरी अकाल।' उसका शायद यह मतलब था कि तुम मुसलमान के खुदा हो, सिखों के खुदा होते तो जरूर मेरी सुनते। तबादले से कुछ दिन पहले टोबा टेकसिंह का एक मुसलमान दोस्त मुलाकात के लिए आया। पहले वह कभी नहीं आया था। जब बिशन सिंह ने उसे देखा तो एक तरफ हट गया और वापस आने लगा मगर सिपाहियों ने उसे रोका - ये तुमसे मिलने आया है - तुम्हारा दोस्त फजलदीन है।
बिशन सिंह ने फजलदीन को देखा और कुछ बड़बड़ाने लगा। फजलदीन ने आगे बढ़कर उसके कंधे पर हाथ रखा।
– मैं बहुत दिनों से सोच रहा था कि तुमसे मिलूं लेकिन फुर्सत ही न मिली। तुम्हारे सब आदमी खैरियत से चले गये थे मुझसे जितनी मदद हो सकी मैंने की। तुम्हारी बेटी रूप कौर...। वह कुछ कहते कहते रूक गया। बिशन सिंह कुछ याद करने लगा
– बेटी रूप कौर ।
फजलदीन ने रूक कर कहा-
– हां वह भी ठीक ठाक है। उनके साथ ही चली गयी थी।
बिशन सिंह खामोश रहा। फजलदीन ने कहना शुरू किया-
– उन्होंने मुझसे कहा था कि तुम्हारी खैर-खैरियत पूछता रहूं। अब मैंने सुना है कि तुम हिन्दुस्तान जा रहे हो। भाई बलबीर सिंह और भाई बिधावा सिंह से सलाम कहना - और बहन अमृत कौर से भी। भाई बलबीर से कहना फजलदीन राजी-खुशी है। वो भूरी भैंसें जो वो छोड़ गये थे उनमें से एक ने कट्टा दिया है, दूसरी के कट्टी हुई थी पर वो छ: दिन की हो के मर गयी और और मेरे लायक जो खिदमत हो कहना, मैं। हर वक्त तैयार हूं और ये तुम्हारे लिए थोड़े से मरून्डे (गजक जैसे) लाया हूं।
बिशन सिंह ने मरून्डे की पोटली लेकर पास खड़े सिपाही के हवाले कर दी और फजलदीन से पूछा- टोबा टेकसिंह कहां है?
– टोबा टेकसिंह... उसने कद्रे हैरत से कहा - कहां है! वहीं है, जहां था।
बिशन सिंह ने पूछा - पाकिस्तान में या हिन्दुस्तान में?
– हिन्दुस्तान में...। नहीं-नहीं पाकिस्तान में...।
फजलदीन बौखला-सा गया। बिशन सिंह बड़बड़ाता हुआ चला गया - 'ओपड़ी गुडग़ुड़ दी एन्क्स दी बेध्याना विमन्ग दी वाल आफ दी पाकिस्तान एन्ड हिन्दुस्तान आफ दी हए फिटे मुंह।'
तबादले की तैयारियां मुकम्मल हो चुकी थीं। इधर से उधर और उधर से इधर आने वाले पागलों की सूचियां पहुंच गयी थीं, तबादले का दिन भी तय हो गया था। सख्त सर्दियां थीं। जब लाहौर के पागलखाने से हिन्दू-सिख पागलों से भरी हुई लारियां पुलिस के दस्ते के साथ् रवाना हुई तो संबंधित अफसर भी साथ थे। वाहगा के बार्डर पर दोनों तरफ से सुपरिटेंडेंट एक दूसरे से मिले और कागजी कार्रवाई खत्म होने के बाद तबादला शुरू हो गया जो रात भर जारी रहा।
पागलों को लारियों से निकालना और उनको दूसरे अफसरों के हवाले करना बड़ा कठिन काम था। बाज तो बाहर निकलते ही नहीं थे। जो निकलने पर रजामन्द होते थे, उनको संभालना मुश्किल हो जाता था क्योंकि इधर-उधर भाग उठते थे। जो नंगे थे उनको कपड़े पहनाये जाते, तो वो फाड़कर अपने तन से जुदा कर देते। क़ोई गालियां बक रहा है, कोई गा रहा है। आपस में लड़-झगड़ रहे हैं, रो रहे हैं, बक रहे हैं। कान पड़ी आवाज सुनायी नही देती थी। पागल औरतों का शेरोगोगा अलग था और सर्दी इतने कड़ाके की थी कि दांत बज रहे थे।
पागलों की प्रवृति इस तबादले के हक में नहीं थी। इसलिए कि उनकी समझ में आता था कि उन्हें अपनी जगह से उखाड़कर कहां फेंका जा रहा है। चंद जो कुछ सोच रहे थे, 'पाकिस्तान जिन्दाबाद' के नारे लगा रहे थे। दो-तीन बार फसाद होते-होते बचा, क्योंकि बाज मुसलमान और सिखों को ये नारे सुनकर तैश आ गया।
जब बिशन सिंह की बारी आयी और वाहगा के उस पार संबंधित अफसर उसका नाम रजिस्टर में दर्ज करने लगा तो उसने पूछा - टोबा टेकसिंह कहां है? पाकिस्तान में या हिन्दुस्तान में? -अफसर हंसा - पाकिस्तान में।
यह सुनकर बिशन सिंह उछलकर एक तरफ हटा और दौड़कर अपने बाकी मांदा साथियों के पास पहुंच गया। पाकिस्तानी सिपाहियों ने उसे पकड़ लिया और दूसरी तरफ ले जाने लगे। मगर उसने चलने से इन्कार कर दिया, और जोर-जोर से चिल्लाने लगा - टोबा टेकसिंह कहां है- ओपड़ी गुडग़ुड़ दी एन्क्स दी बेध्याना विमन्ग दी वाल आफ दी टोबा टेकसिंह एन्ड पाकिस्तान।'
उसे बहुत समझाया गया कि देखो अब टोबा टेकसिंह हिन्दुस्तान में चला गया है। अगर नहीं गया तो उसे फौरन वहां भेज दिया जाएगा। मगर वो न माना। जब उसको जबरदस्ती दूसरी तरफ ले जाने की कोशिश की गयी तो वह बीच में एक जगह इस अन्दाज में अपनी सूजी हुई टांगों पर खड़ा हो गया जैसे अब उसे वहां से कोई ताकत नहीं हटा सकेगी।
आदमी चूंकि किसी को नुकसान पहुंचाने वाला नहीं था इसलिए उससे जबरदस्ती न की गयी। उसको वहीं खड़ा रहने दिया गया और बाकी काम होता रहा। सूरज निकलने से पहले शान्त बिशन सिंह के हलक से आसमान को फाड़ देने वाली चीख निकली - इधर-उधर से कई अफसर दौड़ आये और देखा कि वो आदमी जो पन्द्रह बरस तक दिन-रात अपनी टांगों पर खड़ा रहा, औंधे मुंह लेटा था। उधर खारदार तारों के पीछे हिन्दुस्तान था - इधर वैसे ही तारों के पीछे पाकिस्तान। बीच में जमीन के इस टुकड़े पर, जिसका कोई नाम नहीं था, टोबा टेकसिंह पड़ा था।



फोटो - साभार गूगल

Wednesday, February 13, 2013

हंसते हुए लड़के की तस्वीर


कहते हैं स्मृतियों की उम्र होती है। वक्त के साथ-साथ पहले वे धुंधली पड़ती हैं, फिर और धुंधली और फिर मिट सी जाती हैं। मिट सी इसलिए कह रहा हूं क्योंकि बाबा सिग्मंड फ्रायड कहते थे कि वे हमारे अनकॉन्शस माइंड में हमेशा के लिए कैद होती हैं। हमारे मर जाने के बाद भी। कई बार सपनों में आ जाती हैं। अगले पिछले जन्म की उनकी थ्योरी को बेतुका या बकवास कहने का अभी मेरा मन नहीं हैं, आपको कहना हो तो कह लीजिए। मेरा मन तो धुंधली हो रही स्मृतियों को शब्दों के रंग देकर थोड़ा चटक करने का है। हो सकता है ऐसा करने से धुंधली होने का उनका प्रोसेस शायद थोड़ा धीमा हो जाए और इन शब्दों के रंगों को देख-देख लगने लगे कि यह तस्वीर पुरानी नहीं पड़ेगी। पता नहीं सच में पुरानी नहीं पड़ेगी या मेरी खुशफहमी है, पर करके देखने में क्या जाता है। यह कविता स्मृतियों के साथ इसी खिलवाड़ का नतीजा है जो कल ही इस शक्ल में सामने आई है। कविताएं तो और भी लिखी हैं पर इससे अलग तरह का अपनापन महसूस हुआ है। आपसे शेयर कर रहा हूं... इसी बहाने अपनी स्मृतियों को टटोलना चाहें तो टटोल लीजिए :

सपने में एक रास्ता जाना पहचाना नजर आया
टेढ़ी मेढ़ी गलियों के बीचों बीच बेतरतीब बहती काली गंदी नालियां
कई साल से गड़े खूंटों पर बंधी गोबर से सनी भैंसें और उनकी कटिया
आवारा बीमार आलसी कुत्तों की पूंछ खींचते नंगे पुंगे बच्चों का शोर
कपड़े धोने वाली थापी और प्लास्टिक की बॉल से क्रिकेट खेलते किशोर
उधड़ी हुई ईंटों वाली गलियों में सब्जी बेचते चेहरे में छिपी उदासियां
घरों के बाहर सीढ़ी पर बैठी बूढ़ी चाचियां, ताइयां और मासियां
और फिर नजर आया
चर्र की आवाज से खुलने वाला घिसी हुई चौखट से लटका हुआ किवाड़
टूटी हुई अंगीठी पर कालिख से मोटा हो चुका पानी गर्म करने का भगोना
पुराने कपड़ों को गूंथ कर बनी रस्सी पर सूखता गीला तौलिया और बनियान
दीवार पर ढिठाई से गढ़ी कील पर लटकती कचरी की सूखी माला
टूटे हुए शीशे के टुकड़े, खाली कांच की बोतलें और एक टूटा हुआ मग
सब के सब कुछ जाने पहचाने से
जाना पहचाना सा ही था कड़ी वाली छत पर टूटी खिड़की वाला चौबारा
और चौबारे में रखी पुरानी सीनरियां, कांसे की टोकनी और टूटा टेबल लैंप
वहीं रखे हुए थे हाथ से लिखे नोट्स के जिरोक्स, फटे हुए रजिस्टर और उदास किताबें
रसोई में रखी रहने वाली जाली जिसमें मां नमक मिर्च की शीशियां रखती थीं
और इससे पहले कि कुछ और नजर आता नजर आ गई एक तस्वीर
मकड़ी के जालों में छिपी कन्वोकेशन गाउन वाले हंसते हुए लड़के की तस्वीर
आखिरी दिन कॉलेज ग्राउंड की रेत पर बड़े चाव से खिंचवाई थी
पर अब अकेली है बाकी धूल में सनी पुरानी ग्रुप फोटुओं के साथ
हंसता हुआ चेहरा भर था इसमें, पर हंसती नजर नहीं आ रही थी
पता नहीं क्यों
घर पर घर बदल जाते हैं दौड़ती भागती जिंदगी में
पर घर नहीं बदलता,
और
ना ही बदलती हैं उसे छोड़ जाने की मजबूरियां।

Friday, February 8, 2013

मेरा सफर


मेरे कुछ और शे'र। अक्टूबर और नवंबर 11 के दरम्यान अक्सर घर जाते वक्त कैब में लिखे। अलग-अलग दिन अलग-अलग मिजाज की अपनी उस तस्वीर को आज भी इन शे'रों में साफ देख लेता हूं। हालांकि बदलते वक्त में अपनी ही तस्वीर अक्सर पराई लगने लगती है। फिर भी.... खैर... कुछ शेर आपसे शेयर करता हूं...


तेरे सफर से जुदा है सफर मेरा
तुझे थकने का इंतजार, मुझे चलने की जुस्तजू।

23 अक्टूबर-11

मंजिलें चूमेंगी कदम, रास्ते मुसकाएंगे
राहों को तन्हा न रखना, फासले मिट जाएंगे।

23 अक्टूबर-11

मुस्कुराहटों का दामन थामे रखना
राह में दुश्वारियां हैं बहुत

29 अक्टूबर-11

तेरी छुअन से महके थे जो फूल, सूख भी गए तो क्या
मेरे ख्यालों से तेरी खुश्बू कभी मिट ना पाएगी।

30 अक्टूबर-11

जिंदगी की फिक्रें बड़ी बेरहम होती हैं,
बचपन को मसल देती हैं किसी फूल की तरह।

2 नवंबर-11

उनकी इस अदा का कोई इल्म नहीं था
देखा इक नजर और सब लूट ले गए

2 नवंबर-11

बदलना मौसम का मिजाज है, हवाओं की शरारत नहीं
ये तो खुशबुओं की सौदागर हैं, कभी इधर की कभी उधर की

3 नवंबर-11

Tuesday, December 25, 2012

मैं और तुम

कुहू की बरसात की उस बूंद के जमीन पर गिरकर एक पत्ते को मायूस कर देने के दो तीन दिन बाद ही बर्फ के ये सुनहरे कण मेरे जेहन पर बरस पड़ेंगे, इसका अंदाजा मुझे नहीं था। अंकी ने वट्स ऐप पर जब इस कविता को पेस्ट किया था तो फोन वैसे ही बजा था जैसे दूसरे मैसेज आने पर बजता है, लेकिन उस बजने और इस बजने में फर्क था। इस बार बजकर वह मैसेज टोन तो शांत हो गई, पर मेरे अंदर कुछ वायब्रेट हुआ था। भइया, ये पॉइम पढ़ो, अंकी ने कहा। मैंने इस पीडीएफ के डाउनलोड होने का इंतजार किया और रोमन लिपि में लिखी इस कविता को पढऩे लगा। लाइन दर लाइन, मेरे अंदर की वाइब्रेशन बढ़ती चली गई और जब यह पढ़कर खत्म की तो लगा ठंडी हवाएं मेरे गर्म कपड़ों से कह रही थीं, तुम किसी काम के नहीं। मेरा अंकी से पहला सवाल था, किसने लिखी है। जवाब मिला स्वाति ने। कौन स्वाति। .... मेरी दोस्त है। इंग्लिश पढ़ाती है। हम्म्....। मैंने कुछ वाक्य इस कविता पर डिस्कशन में बिताए और पूछा, इसे अपने ब्लॉग पर लगा सकता हूं क्या। अंकी ने कहा, लगा लीजिए।
इस कविता के बारे में मैं ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता। मैं चाहता हूं इस ठंडक के अंदर की गर्माहट आप खुद महसूस करें।
मेरी क्रिसमस।


मैंने बर्फ देखी है तो सिर्फ
रुपहले पर्दे पर गिरते हुए
या किताबों, अखबारों के
बेजान पन्नों पर
बर्फ को कभी छुआ नहीं मैंने
कभी पिघली नहीं वो मेरे हाथों में

हां, इतना पढ़ा है जरूर
कि बर्फ के कोई भी दो कण
एक से नहीं होते
अब्र से गिरते हैं
और समा जाते हैं
गर्द में

मैंने बर्फ को देखा है सिर्फ
पर कभी जाना नहीं
कुछ लम्हों के खेल की
इस सर्द जिंदगी में
कहीं मैं और तुम
बर्फ के ये टुकड़े तो नहीं

-स्वाति


Friday, December 21, 2012

उन्हें जाने दीजिए....


आना जाना जीवन का दस्तूर है। अक्सर रिश्तों का भी। पाने और पाकर खोने के अहसास से शायद ही कोई बचा हो। यही शाश्वत सत्य है, और इसे कोई टाल नहीं सकता। लेकिन यह जानते हुए भी अक्सर इसे नकार देने का मन करता है। एक दबी दबी सी गूंज मन में भटकती रहती है... उसे जाना था तो फिर आया क्यों? उसे खोना था तो पाया क्यों? उसका साथ कुछ और देर नहीं ठहर सकता था क्या? कुछ और दूर वह साथ नहीं चल सकता था क्या?
बिखरना ही होता है तो क्यों सिमट जाते हैं कुछ पल। हमारे भीतर। और फिर ठहरे रहते हैं कुछ लम्हे, बिखर जाने के बहुत देर बात तक। सरासर असंभव दिखता है पर फिर भी लगता रहता है कि शायद कहीं फिर से सिमट जाएं वे बिखरे हुए पल। नहीं सिमटते। सिमटना नहीं होता उन्हें, क्योंकि बिखरना उनकी नियती है। नियती है तो फिर अफसोस क्यों? जितने दिन साथ रहे, उन पलों को क्यों न जी भर जिएं। क्योंकि वे चले भी गए तो क्या... कुछ और पल हैं जो आने के इंतजार में हैं.... उन्हें जाने दीजिए.... उन्हें आने दीजिए। कूहू की इस कविता की तरह... जो कल से घूम रही है मेरे जेहन में... जिसे ब्लॉग पर उतारने को उतावला हूं मै.... थैंक्स कूहू....

दूर तक आसमान नीला और धुला था
जिस वक्त सुबह ने आंखें खोलीं
घरों की मुंडेरों ने बताया... कुछ देर पहले बारिश हुई थी


किसी पत्ते पर ठहरी थी खूबसूरत बूंद
इंद्रधनुष की गोलाई लिए....धीरे से आगे बढ़ी
पत्ता हिला था हल्का सा... या उसका दिल धड़का था?


बूंद बही अपनी निशानी छोड़कर,
आखिरी सिरे पर जा टिकी...
फिर कहां रुकने वाली थी वो चंचल बूंद


पत्ता झुककर देखता रहा धरती की ओर...
मिट्टी में उसको मिलते हुए
पत्ते और भी थे शाख पर, सब चुप रहे
ये खेल देखकर हवा भी देर तक थमी रही


बारिश के बाद यही होता है अक्सर
ये जीवन का चक्र कहां रुकता है
हवा का नर्म झौंका है...
पत्ते ने मुस्कुराकर आसमान को देखा
सावन है...बारिश फिर होगी...


-कुहू

Saturday, October 27, 2012

भले ही अब हम ऑफिस जाने लगे हैं


बातों बातों में कितनी खूबसूरत बातें सामने आ जाती हैं, पहले से पता नहीं होता। कुछ देर काम से खाली हुआ तभी फेसबुक पर गुंजन जैन ने पिंग किया। गुंजन ने आईआईएमसी से जर्नलिज्म किया है और एनबीटी में काम कर रही हैं। इधर-उधर की बात से घूमते-घुमाते उसने बताया कि उसे लिखना भी अच्छा लगता है, मगर दिल से। मैंने कहा कुछ सुनाओ तो उसने अपनी दो तीन रचनाएं लिख दीं। वाकई बेहद खूबसूरत अंदाज है। मैंने गुंजन से पूछा इनमें से एक ले लूं? तो उसने कहा, ले लो। तो आप भी पढि़ए और बताइए कैसी लगी।

भले ही अब हम ऑफिस जाने लगे हैं
पर आज भी
बस या ट्रेन में चढ़ते ही खिड़की वाली सीट कब्जाना,
ऑफिस से निकलते वक़्त सर्द रातों में मुंह से धुआं उड़ाना,
गाड़ियों पर जमी ओस पर उंगली से अपना नाम लिखना,
आसमान के फ्रेम में बादलों से अलग-अलग तस्वीरें बनाना,
अब भी कभी-कभी चॉकलेट के लिए मचलकर मम्मी पापा से जिद करना,
कोई तो है जो हमसे ये करवाता है,
जो तन्हाई में भी हमें गुदगुदाता है,
अकेलेपन में चेहरे पर मुस्कराहट लाता है,
दिल में बैठा वो बच्चा हमसे आज भी नादान शरारतें करवाता है,
और
इस समझदार दुनिया में मासूमियत को खोने नहीं देता

Saturday, October 20, 2012

जो कहा नहीं वो सुना करो



बशीर बद्र की एक खूबसूरत गजल कई दिन से ड्राफ्ट में रखी थी। इसके कई शेर ऐसे हैं जिन्होंने बशीर को एक तरह से अमर कर दिया। बच्चे बच्चे की जुबान पर यह शेर रहे हैं। अगर मुझे ठीक से याद है तो 11-12 साल पहले बशीर बद्र ने एक मुशायरे में बताया था कि यह जो कोई हाथ भी ना मिलाएगा वाला शेर है, इसे मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने से पहले सुष्मिता सेन ने मंच पर सुनाया था। मुझे पहले से यह शेर याद था, लेकिन जब बशीर ने यह बात बताई, तब तो यह और खास लगने लगा। आप भी पढि़ए यह गजल.... अच्छी लगेगी






यूं ही बेसबब ना फि‍रा करो, कोई शाम घर भी रहा करो
वो ग़ज़ल की सच्ची कि‍ताब है, उसे चुपके-चुपके पढ़ा करो

कोई हाथ भी ना मि‍लाएगा, जो गले मि‍लोगे तपाक से
ये नए मि‍ज़ाज़ का शहर है, ज़रा फा़सले से मि‍ला करो

अभी राह में कई मोड़ हैं, कोई आएगा कोई जाएगा
तुम्हे जि‍सने दि‍ल से भुला दि‍या, उसे भूलने की दुआ करो

मुझे इश्तिहार सी लगती हैं, ये मुहब्बतों की कहानि‍यां
जो कहा नहीं वो सुना करो, जो सुना नहीं वो कहा करो

कभी हुस्न-ए-पर्दा नशीं भी हो, ज़रा आशि‍काना लि‍बास में
जो मैं बन संवर के कहीं चलूं, मेरे साथ तुम भी चला करो

ये ख़ि‍ज़ां की ज़र्द शाम में, जो उदास पेड़ के पास है
ये तुम्हारे घर की बहार है, इसे आंसुओं से हरा करो

नहीं बेहि‍ज़ाब वो चांद सा, कि‍ नज़र का कोई असर नहीं
उसे तुम यूं गर्मी-ए-शौक से, बड़ी देर तक ना तका करो

Saturday, October 13, 2012

फितरत


कभी कभी कुछ पुराने शेर पोस्ट करने की कोशिश करूंगा। फिलहाल ये दो। पिछले साल अक्टूबर में लिखे थे।

बड़ी देर से उलझा हूं अंधेरों के बीच,
आ भी जाओ के रोशन हो जाए राह मेरी


रोशनी का जिक्र क्या, जलने की फिक्र क्या,
जलना तो आखिर फितरत है चरागों की